जॉब का झांसा, आयुर्वेदिक किट का खेल… 100 करोड़ की ठगी का खुलासा, कानपुर से 6 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के कानपुर में पुलिस ने नौकरी दिलाने और आयुर्वेदिक उत्पादों के कारोबार के नाम पर चल रहे एक बड़े ठगी रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस की कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि गिरोह ने मल्टी लेवल मार्केटिंग (MLM) मॉडल का सहारा लेकर उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड समेत कई राज्यों के 60 हजार से अधिक लोगों से करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी की।

पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल के मुताबिक, विन मेकर आयुर्वेद और विन मेकर वेलनेस प्राइवेट लिमिटेड नाम से संचालित कंपनी बेरोजगार युवाओं को 25 से 50 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन वाली नौकरी का वादा कर सेमिनार में बुलाती थी। इसके बाद प्रतिभागियों से 12 हजार से 30 हजार रुपये तक लेकर अपंजीकृत आयुर्वेदिक दवा किट खरीदवाई जाती थी। साथ ही उन्हें नए लोगों को जोड़ने पर कमीशन का लालच देकर कंपनी के नेटवर्क का हिस्सा बनाया जाता था।

मामले की जानकारी मिलने पर साइबर प्रकोष्ठ, अपराध शाखा और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए बर्रा क्षेत्र के मंगलम गार्डन में छापेमारी की। इस दौरान बिहार निवासी रवींद्र यादव, कमलेश कुमार और मंतोष पासवान, पश्चिम बंगाल निवासी रोहित शॉ, मध्य प्रदेश निवासी मंगल शाक्य तथा उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी राजू कुमार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, गिरोह का मुख्य सरगना और कंपनी के दो प्रबंध निदेशक फिलहाल फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

जांच में यह भी सामने आया है कि इस नेटवर्क ने 60 हजार से ज्यादा लोगों को अपने जाल में फंसाया, जिनमें करीब दो हजार पीड़ित कानपुर के हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह मोबाइल फोन, डिजिटल रिकॉर्ड, ऑडियो क्लिप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य बरामद किए हैं, जिनके आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *