पंजाब में जारी गर्मी और उमस से जल्द राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 48 घंटों में मानसून की रफ्तार बढ़ सकती है। इसके चलते राज्य के कई जिलों में बारिश का सिलसिला शुरू होने के संकेत हैं। विभाग ने 21 से 23 जुलाई तक पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, जालंधर सहित उत्तर पंजाब के कई जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की संभावना है। बारिश से तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
चंडीगढ़ में बारिश के बाद बढ़ी परेशानी, उमस ने किया बेहाल
बीते 24 घंटों में चंडीगढ़ में 6.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हालांकि बारिश के बाद तेज धूप निकलने से लोगों को उमस का सामना करना पड़ा। शहर में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इस दौरान वातावरण में नमी का स्तर काफी ज्यादा रहा और अधिकतम आर्द्रता 91 प्रतिशत तक पहुंच गई। 1 जून से अब तक चंडीगढ़ में कुल 214.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 30.6 प्रतिशत कम है।
पंजाब में कई जगह गर्मी और उमस का असर जारी
राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के बावजूद कई जिलों में गर्मी और उमस बनी हुई है। बठिंडा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा फिरोजपुर में 37.3 डिग्री और बरनाला में 36.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। पंजाब का औसत अधिकतम तापमान पिछले दिन की तुलना में करीब 1 डिग्री कम रहा और सामान्य स्तर के आसपास बना हुआ है।
वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें तो पठानकोट में सबसे कम 25.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
21 से 23 जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग की सात दिन की भविष्यवाणी के अनुसार, उत्तर पंजाब के कई इलाकों में आज से बारिश की गतिविधियां तेज हो सकती हैं। 21 से 23 जुलाई के बीच चंडीगढ़, मोहाली सहित पंजाब के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और मौसम से जुड़ी अपडेट पर नजर रखने की अपील की गई है।