लुधियाना: पखोवाल रोड स्थित शहीद भगत सिंह नगर में शनिवार सुबह सड़क धंसने से बड़ा हादसा टल गया। सिटी सेंटर के पास जी ब्लॉक और एच ब्लॉक को जोड़ने वाली सड़क अचानक टूट गई, जिससे वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार की मोटरसाइकिल गहरे गड्ढे में फंस गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

घटना सुबह करीब 8 बजे की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक बाइक से सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक सड़क का एक हिस्सा नीचे धंस गया और बाइक गड्ढे में फंस गई। मौके पर मौजूद समाजसेवी अरविंद शर्मा ने लोगों की मदद से युवक और उसकी बाइक को बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बचाव के दौरान भी सड़क का हिस्सा लगातार धंसता रहा, जिससे खतरा और बढ़ गया। फिलहाल सड़क पर दो बड़े गड्ढे बन चुके हैं, जो राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बारिश के कारण हालात और खराब होने की आशंका जताई जा रही है।
इलाके के लोगों का कहना है कि यह सड़क पहले भी कई बार धंस चुकी है, लेकिन हर बार केवल अस्थायी मरम्मत की गई। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की जल्द से जल्द स्थायी मरम्मत करवाई जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।
स्थानीय निवासियों ने वाहन चालकों से अपील की है कि मरम्मत पूरी होने तक इस रास्ते का इस्तेमाल करने से बचें और प्रशासन जल्द कार्रवाई करे।