जयपुर मर्डर केस में नया मोड़: मां की हत्या के बाद अब पिता की मौत पर उठे सवाल, बेटी से पुलिस की पूछताछ तेज

जयपुर: राजस्थान के जयपुर में मां की कथित हत्या के मामले में गिरफ्तार एलएलबी की छात्रा आयुषी शर्मा की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। अब उसके पिता विजय शर्मा की मौत को लेकर भी नए सवाल खड़े हो गए हैं। मामा की शिकायत के बाद पुलिस ने इस मामले की भी जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई को नीरज शर्मा की सड़क हादसे में मौत हुई थी। हालांकि, जांच के दौरान सामने आए सबूतों से पता चला कि यह हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित हत्या थी। इसके बाद पुलिस ने नीरज शर्मा की बेटी आयुषी शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

जांच एजेंसियों का दावा है कि आयुषी ने अपने चचेरे भाई बलराम के साथ मिलकर करीब 7 लाख रुपये में सुपारी देकर मां की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी की मंशा मां की अनुकंपा नियुक्ति वाली सरकारी नौकरी हासिल करने और परिवार की संपत्ति पर अधिकार जमाने की थी।

मामले ने तब नया मोड़ लिया, जब आयुषी के मामा राकेश शर्मा ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष हुई विजय शर्मा की मौत भी संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। उनका कहना है कि ब्रेन स्ट्रोक के बाद विजय शर्मा को परिवार की जानकारी के बिना दूसरे अस्पताल में रखा गया और लंबे समय तक उनके इलाज की सही जानकारी परिजनों से छिपाई गई।

मामा ने यह भी आरोप लगाया है कि आयुषी ने अपने पिता की फीडिंग ट्यूब हटाकर उनकी मौत का कारण बनाया। फिलहाल पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है, लेकिन इस एंगल को भी जांच में शामिल कर लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आयुषी, उसका चचेरा भाई बलराम और बलराम के पिता मोहन इस पूरे षड्यंत्र के मुख्य आरोपी हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि नीरज शर्मा की हत्या की एक कोशिश पहले भी की गई थी, लेकिन वह नाकाम रही थी।

अब तक पुलिस पांच कथित सुपारी किलरों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि फरार आरोपी बलराम की तलाश जारी है। वहीं, पिता की मौत से जुड़े आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए पुलिस आयुषी से लगातार पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *