हिमाचल प्रदेश में अटल टनल के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल के पास उस समय हुआ, जब पर्यटकों की स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल से टकरा गई।
मृतक की पहचान राजस्थान के सीकर निवासी 34 वर्षीय कैलाश के रूप में हुई है। वहीं हादसे में उत्तर प्रदेश के लखीमपुर निवासी आदित्य तथा राजस्थान के सीकर निवासी राजेंद्र और वाहन चालक सिद्धार्थ घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सभी पर्यटक मंगलवार रात मनाली से लाहौल की ओर जा रहे थे। रात करीब 10 बजे अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद वाहन चालक मोड़ पर नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो चंद्रा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल से जा टकराई।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार बताई जा रही है। माना जा रहा है कि चालक अधिक गति के कारण वाहन को मोड़ पर संभाल नहीं सका, जिसके चलते यह दुर्घटना हुई।
सिस्सू थाना प्रभारी मुकेश राठौर ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है। वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए कब्जे में लिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम के उपरांत शव उन्हें सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने पर्यटकों से विशेषकर मानसून के दौरान पहाड़ी इलाकों में रात के समय यात्रा और ओवरस्पीडिंग से बचने की अपील की है, क्योंकि इस दौरान सड़कें फिसलन भरी हो जाती हैं और दृश्यता भी कम रहती है।