जालंधर: वोटर सूचियों के स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (एसआईआर) के तहत जिला प्रशासन ने जिला प्रशासकीय कॉम्प्लेक्स में दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 400 से अधिक हलका स्तरीय मास्टर ट्रेनरों, सुपरवाइजरों और तकनीकी स्टाफ को प्रशिक्षित किया गया।
जिला स्तर के मास्टर ट्रेनरों ने प्रतिभागियों को एसआईआर प्रक्रिया, गणना फॉर्म भरने के सही तरीके, आवश्यक दस्तावेजों और ऑनलाइन अपलोडिंग संबंधी जानकारी विस्तार से दी। प्रशिक्षण सत्र की अध्यक्षता करते हुए अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (जनरल) अमनिंदर कौर ने सुपरवाइजरों को अपने-अपने सेक्टरों में बीएलओ के कार्यों की रोजाना निगरानी करने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शिता एवं शुद्धता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि 20 जून तक हलका स्तर के मास्टर ट्रेनरों द्वारा बीएलओ और बीएलए को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वोटर सूची को शत-प्रतिशत शुद्ध बनाया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान फील्ड स्तर पर आने वाली चुनौतियों और शंकाओं का समाधान भी किया गया।
इस अवसर पर चुनाव तहसीलदार सुखदेव सिंह, चुनाव शाखा के कर्मचारी, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।