ट्राइसिटी के सात शहरों में विकास को रफ्तार, 15 दिनों में शुरू होंगी प्रमुख सड़क परियोजनाएं

पंजाब सरकार ने ट्राइसिटी से सटे खरड़, जीरकपुर, डेराबस्सी, नयागांव, बनूड़, कुराली और घड़ूआं में शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए विकास कार्यों में तेजी लाने का फैसला किया है। स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन और साप्ताहिक निगरानी के निर्देश दिए।

मंत्री ने बताया कि इन सात नगर परिषद क्षेत्रों में 250 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण जारी है, जबकि प्रमुख सड़क मार्गों का सौंदर्यीकरण भी किया जाएगा। पेयजल आपूर्ति को बेहतर बनाने के लिए 50 नए ट्यूबवेल लगाए जाएंगे और सीवरेज सफाई अभियान को भी तेज किया गया है।

उन्होंने अधिकारियों को बनूड़, कुराली, जीरकपुर, खरड़, डेराबस्सी, नयागांव और लालड़ू की कई अहम सड़क परियोजनाओं का कार्य अगले 15 दिनों के भीतर शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही स्पष्ट किया कि किसी भी परियोजना में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रगति की नियमित समीक्षा होगी।

हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार अस्थायी उपायों की बजाय भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए आधुनिक, टिकाऊ और नागरिक-केंद्रित शहरी बुनियादी ढांचा विकसित करने पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *