जालंधर दहला! 24 घंटे में दूसरी फायरिंग, घर के बाहर खड़े युवक पर बरसाईं गोलियां

पंजाब के जालंधर में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने लोगों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। पिछले 24 घंटे के भीतर दूसरी बार गोलियां चलने की घटना सामने आई है। ताजा मामला बस्तियात इलाके के दशमेश नगर का है, जहां 22 वर्षीय युवक सौरव को अज्ञात हमलावरों ने घर के बाहर निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां मार दीं।

जानकारी के अनुसार, सौरव अपने घर के बाहर गली में खड़ा था। इसी दौरान कुछ हमलावर मौके पर पहुंचे और उस पर अचानक कई राउंड फायरिंग कर दी। हमले में गंभीर रूप से घायल हुए सौरव को आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों का संबंध काला संघिया रोड इलाके से बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *