लुधियाना में निजी कंपनी के साथ धोखाधड़ी:कर्मचारी ने फर्जी बिल बनाए, लाखों हड़पे; ऑडिट में खुला फर्जीवाड़ा, 5 साल से करता था काम

लुधियाना में एक निजी कंपनी के कर्मचारी द्वारा धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है।

आरोपी पर कंपनी के साथ फर्जीवाड़ा कर नकली बिलों के जरिए रकम हड़पने का आरोप है। आरोपी 5 वर्ष से कंपनी में काम करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शिकायतकर्ता अनीश बंसल ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह गर्ग एक्रिलिक, कंगनवाल में वाइस प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कंपनी में पिछले करीब 5 वर्षों से अजय मिश्रा नामक व्यक्ति काम कर रहा था, जो लॉजिस्टिक्स और एक्सपोर्ट से संबंधित कार्य देखता था। इसके साथ ही वह अपनी फर्म एम/एस बाला जी ट्रांसपोर्ट कंपनी भी चला रहा था।
फर्जी बिल पेश कर भुगतान हासिल किया
आरोप है कि ड्यूटी के दौरान अजय मिश्रा ने कंपनी के साथ धोखाधड़ी करते हुए अपनी फर्म के नाम पर जालसाजी से डुप्लीकेट और कई फर्जी बिल तैयार किए और उन्हें कंपनी के सामने पेश कर अधिक भुगतान हासिल किया।
मामला तब सामने आया जब कंपनी द्वारा ऑडिट करवाया गया। जांच में पाया गया कि संबंधित बिल फर्जी तरीके से बनाए गए थे और दस्तावेजों में हेराफेरी की गई थी। आरोपी की पहचान अजय मिश्रा निवासी बी-29, मकान नंबर 212/1/7K, गली नंबर-5, लक्ष्मण नगर, ग्यासपुरा, लुधियाना के रूप में हुई है।
थाना साहनेवाल पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना साहनेवाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 338, 336(3) और 340(2) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *