IPL 2026 Points Table: Punjab को रोकना हुआ मुश्किल, KKR की जीत से मुंबई का नुकसान

आईपीएल 2026 पॉइंट्स टेबलः पंजाब किंग्स पहले ही नंबर-1 पर थी और अभी भी इसी स्थान पर टिकी हुई है.

पिछले सीजन में खिताब भले ही हाथ न लगा हो लेकिन श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स एक बार फिर मजबूती से अपनी दावेदारी पेश कर रही है. आईपीएल 2026 में अब तक 6 मैच खेल चुकी पंजाब किंग्स के सामने हर टीम फिसड्डी साबित हो रही है और उसे रोकना मुश्किल हो गया. उसकी ताजा शिकार लखनऊ सुपर जायंट्स बनी, जिसे पंजाब ने 54 रन के बड़े अंतर से रौंद दिया. इस जीत के साथ ही पंजाब ने पॉइट्स टेबल में पहले स्थान पर अपनी स्थिति को और मजबूत कर दिया.

न्यू चंडीगढ़ में रविवार 19 अप्रैल को खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स पहले बैटिंग करने के लिए उतरी और उसके लिए प्रियांश आर्या और कूपर कॉनोली ने गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं. दोनों ने मिलकर 182 रन की हाहाकारी साझेदारी करते हुए पहले ही लखनऊ को मैच से बाहर कर दिया था. इसके जवाब में पूरी कोशिश के बावजूद लखनऊ सिर्फ 200 रन ही बना सकी और 54 रन से ये मैच हार गई.

पहले नंबर पर पंजाब की स्थिति मजबूत

इसके साथ ही पंजाब की जीत का सिलसिला जारी है. पंजाब फिलहाल अकेली ऐसी टीम है, जो इस सीजन में एक भी मैच नहीं हारी है. टीम ने 6 मैच खेले हैं, जिसमें से 5 में उसे जीत मिली है. वहीं इकलौता मैच जो टीम नहीं जीत सकी, वो बारिश के कारण रद्द हो गया था. इस तरह पहले ही पॉइंट्स टेबल में नंबर-1 चल रही पंजाब ने बाकी टीमों पर अपनी बढ़त को और मजबूत कर दिया है. टीम के अब 6 मैच से 11 पॉइंट्स हैं और 10 का आंकड़ा पार करने वाली वो फिलहाल इकलौती टीम है.

पंजाब को ये बढ़त हासिल करने में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और राजस्थान रॉयल्स की नाकामी से भी मदद मिली. जहां शनिवार को बेंगलुरु अपना मैच हार गई, वहीं रविवार को राजस्थान ने भी अपना मुकाबला गंवा दिया. रियान पराग की टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स ने हरा दिया. इस तरह बेंगलुरु और राजस्थान 8-8 पॉइंट्स पर ही रह गई हैं और क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.

आखिरी स्थान से ऊपर उठी KKR

वहीं रविवार के डबल हेडर के पहले मैच के नतीजे ने तो पॉइंट्स टेबल में फेरबदल ही कर दिया. सीजन के शुरुआती 5 मैच हार चुकी कोलकाता को आखिरकार पहली जीत मिल ही गई. अपने सातवें मैच में कोलकाता ने राजस्थान को 4 विकेट से हराया था. इस तरह टीम ने जीत का खाता खोलते हुए पॉइंट्स टेबल में भी छलांग लगाई. कोलकाता के अब 7 मैच से 3 पॉइंट हो गए हैं और वो 10वें स्थान से उठकर नौवें स्थान पर पहुंच गई है. वहीं इसके चलते मुंबई 2 पॉइंट के कारण आखिरी स्थान पर लुढ़क गई.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *