जालंधर से श्री आनंदपुर साहिब जा रही संगत पर फायरिंग:ट्रैक्टर पर पड़े निशान; सीमा विवाद में उलझी पुलिस, लोगों में भारी रोष

जालंधर से श्री आनंदपुर साहिब मत्था टेकने जा रही संगत पर सोमवार देर रात जानलेवा हमला हुआ।

किरतपुर साहिब और आनंदपुर साहिब के बीच अज्ञात हमलावरों ने ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार श्रद्धालुओं पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।
हमलावर खुद भी ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सवार होकर आए थे। गनीमत रही कि इस फायरिंग में किसी की जान नहीं गई, लेकिन गाड़ियों पर गोलियों के निशान पड़ गए। घटना के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी पीड़ितों में भारी रोष देखा जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों ने बिना किसी चेतावनी के सीधे श्रद्धालुओं की गाड़ियों और ट्रालियों को निशाना बनाया। देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। राहत की बात यह रही कि इतनी भारी फायरिंग के बावजूद किसी को गोली नहीं लगी और सभी श्रद्धालु सुरक्षित बच गए।
ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर गोलियों के गहरे निशान वारदात के बाद मौके की जो तस्वीरें सामने आई हैं, वे काफी डरावनी हैं। ट्रैक्टरों और अन्य वाहनों पर गोलियों के गहरे निशान साफ देखे जा सकते हैं। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावर पूरी तैयारी के साथ आए थे और उनका मकसद नुकसान पहुंचाना था। फायरिंग के बाद हमलावर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस का रवैया बेहद ढुलमुल रहा इस घटना के बाद श्रद्धालुओं ने पुलिस के पास अपनी शिकायत दर्ज कराई, लेकिन उनका आरोप है कि पुलिस का रवैया बेहद ढुलमुल रहा। पीड़ितों का कहना है कि पुलिस सीमा विवाद (किरतपुर साहिब बनाम आनंदपुर साहिब) में उलझी रही और मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग सही तरीके से कार्रवाई न होने के कारण संगत में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। फिलहाल, श्रद्धालु अब पुलिस के आला अधिकारियों से न्याय की गुहार लगा रहे हैं और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *