शादी के बाद भी पासपोर्ट में लिखा ‘अविवाहित’, जालंधर की महिला डॉक्टर पर FIR

जालंधर: पंजाब के जालंधर में पासपोर्ट आवेदन में कथित तौर पर गलत जानकारी देने के मामले में एक महिला डेंटिस्ट के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। शिकायत उसके पति की ओर से दर्ज कराई गई, जिसमें आरोप लगाया गया है कि महिला ने शादीशुदा होने के बावजूद दस्तावेजों में खुद को अविवाहित दर्शाया और बाद में कनाडा चली गई।

पुलिस के अनुसार, फिरोजपुर निवासी त्रिपु शर्मा ने शिकायत में बताया कि उनकी शादी वर्ष 2021 में पवनप्रीत कौर से हुई थी। इसके बावजूद वर्ष 2024 में महिला ने नया पासपोर्ट बनवाने के दौरान अपनी वैवाहिक स्थिति गलत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पासपोर्ट जारी होने के कुछ समय बाद वह कनाडा चली गई।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला अपने साथ घर के गहने और नकदी भी ले गई। हालांकि पुलिस ने फिलहाल इस संबंध में चोरी की धाराएं नहीं लगाई हैं और इस पहलू की जांच अलग से की जा रही है।

प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर पर्याप्त तथ्य मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ आपराधिक न्यासभंग और धोखाधड़ी से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच जारी है तथा जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *