स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य बनाने की तैयारी, प्रशासन ने सभी विभागों को सौंपे अहम दायित्व

15 अगस्त को आयोजित होने वाले जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक में सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट मलोट पंकज कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं का जायजा लिया और सभी कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि इस वर्ष भी गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में मुख्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह के दौरान डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पांचाल राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और परेड की सलामी लेंगे। कार्यक्रम में आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

 

एसडीएम ने पुलिस विभाग को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार करने और पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को कार्यक्रम के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने और सभी विद्युत लाइनों की जांच पूरी करने को कहा गया। वहीं नगर परिषद को समारोह स्थल सहित शहर के प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई और सौंदर्यीकरण के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, जल आपूर्ति, मंडी बोर्ड और खाद्य आपूर्ति विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी अपनी जिम्मेदारियां तय समय पर पूरी करने के आदेश दिए गए। प्रशासन ने जानकारी दी कि 13 अगस्त को गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित होगी, जिसमें सभी अधिकारी और प्रतिभागी शामिल होंगे। जिला प्रशासन का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को सुरक्षित, अनुशासित और यादगार बनाने के लिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं, ताकि आयोजन बिना किसी बाधा के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *