अमेरिका के यूटा राज्य में एक भारतीय मुस्लिम युवक पर कथित तौर पर धर्म के आधार पर जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले युवक से उसका धर्म और मूल स्थान पूछा। जैसे ही उसे पता चला कि वह भारत का रहने वाला और मुस्लिम है, उसने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में पीड़ित को करीब 15 बार चाकू मारा गया।
यह घटना वेस्ट वैली सिटी के वैली फेयर मॉल में हुई, जहां पीड़ित सोहेल एक कियोस्क पर काम करता है। पुलिस ने 48 वर्षीय आरोपी पीटर माइकल लार्सन को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने सोहेल को केवल इसलिए निशाना बनाया क्योंकि वह मुस्लिम है। अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला धार्मिक नफरत से प्रेरित हमले (हेट क्राइम) का प्रतीत होता है। आरोपी के कथित बयान और उसके कट्टरपंथी विचारों को देखते हुए पुलिस ने उसे सार्वजनिक सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी ने पहले सोहेल से पूछा कि वह कहां का रहने वाला है। सोहेल ने बताया कि वह भारत से है। इसके बाद आरोपी ने पूछा, “क्या तुम मुस्लिम हो?” जैसे ही सोहेल ने इसकी पुष्टि की, आरोपी ने उस पर चाकू से कई वार कर दिए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। उस समय सोहेल गंभीर रूप से घायल था और उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। इससे पहले मॉल में मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के आने तक उसे काबू में रखा। झड़प के दौरान आरोपी को भी मामूली चोटें आईं, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास, प्रतिबंधित हथियार रखने और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।