कनाडा में हुए एक दर्दनाक हादसे ने पंजाब के दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। बरनाला और अमृतसर के दो युवकों की नहर में डूबने से मौत हो गई। अब उनके परिजन आर्थिक तंगी के बीच शवों को भारत लाने की कोशिश कर रहे हैं। इस मुश्किल समय में गांव के लोग, रिश्तेदार और विदेश में रहने वाले दोस्त आर्थिक सहायता के लिए आगे आए हैं।
जानकारी के मुताबिक, बरनाला निवासी लवप्रीत सिंह अपने साथी योगराज को बचाने के लिए नहर में उतरे थे, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों की जान चली गई। घटना के बाद मॉन्ट्रियल फायर डिपार्टमेंट और कनाडाई कोस्ट गार्ड की टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर दोनों के शव बरामद किए।
लवप्रीत के परिवार ने बच्चों के बेहतर भविष्य की उम्मीद में करीब दो एकड़ जमीन बेचकर लगभग 29 लाख रुपये खर्च किए थे, ताकि बेटे और बेटी को कनाडा भेजा जा सके। लवप्रीत करीब ढाई साल पहले वर्क परमिट पर कनाडा गए थे और मॉन्ट्रियल में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहे थे। उनके पिता बलवीर सिंह सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त हैं और परिवार की आय का मुख्य स्रोत पेंशन है।
परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए गांव में चंदा अभियान शुरू किया गया है। अब तक पंजाब में करीब 2.5 लाख रुपये जुटाए जा चुके हैं, जबकि कनाडा में दोस्तों ने ऑनलाइन अभियान के जरिए 26 हजार कनाडाई डॉलर से अधिक की राशि एकत्र की है। अभियान का उद्देश्य दोनों युवकों के शव भारत लाकर उनका अंतिम संस्कार कराना है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस दुख की घड़ी में पूरा गांव परिवार के साथ खड़ा है। सभी की कोशिश है कि जल्द से जल्द दोनों युवकों को उनके पैतृक गांव लाया जाए, ताकि परिवार अंतिम विदाई दे सके।