अमृतसर के जंडियाला गुरु इलाके में शुक्रवार तड़के पुलिस और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। यह आरोपी कुछ दिन पहले शेखूपुरा मोहल्ले में एक घर पर हुई फायरिंग की वारदात में शामिल था। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जांच के तहत जानियां मोड़ पर नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार एक संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की और आरोपी को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लवप्रीत सिंह निवासी ज्योतिसर कॉलोनी के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 30 बोर का एक पिस्टल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
डीएसपी बलजीत सिंह और एसएचओ हरपाल सिंह के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पहले से नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और इस फायरिंग कांड में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।