अमृतसर में दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, बहन के घर जाते समय हमलावरों ने किया हमला

अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में कोट खालसा इलाके से हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बहन के घर जा रहे एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान नितिन उर्फ चीकू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, वह अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर कोट खालसा स्थित अपनी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान घर से कुछ दूरी पहले एक्टिवा पर आए दो युवकों ने उसका पीछा किया और उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। फायरिंग के दौरान एक गोली उसके सिर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर एडीसीपी विशालजीत पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में एक संदिग्ध की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात के पीछे की वजह का खुलासा किया जाएगा।

जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक नितिन उर्फ चीकू पहले एक आपराधिक मामले में जेल जा चुका था और कुछ समय पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। पुलिस फिलहाल आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *