नई दिल्ली: एयर इंडिया के दो और पायलट ड्रग स्क्रीनिंग में फेल पाए गए हैं। दोनों को फिलहाल उड़ान संचालन से हटा दिया गया है और उनकी अंतिम जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। यह मामला एयरलाइन की ओर से पायलटों की व्यापक ड्रग टेस्टिंग शुरू किए जाने के बाद सामने आया है।
सूत्रों के अनुसार, 4 अगस्त को फुकेत-दिल्ली फ्लाइट AI2379 से जुड़े मामले के बाद एयर इंडिया ने अपने पायलटों की ड्रग स्क्रीनिंग तेज कर दी। नई SOP के तहत अब तक 300 से अधिक पायलटों के टेस्ट किए जा चुके हैं।
बताया जा रहा है कि ड्रग टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने में करीब 24 से 48 घंटे का समय लग सकता है। रिपोर्ट आने के बाद ही दोनों पायलटों के खिलाफ आगे की कार्रवाई पर फैसला लिया जाएगा।
इससे पहले AI2379 के पायलट-इन-कमांड के दो यूरिन टेस्ट में मारिजुआना की मौजूदगी सामने आई थी। इसके बाद एयरलाइन ने कॉकपिट क्रू की जांच को लेकर नियमों को और सख्त कर दिया है।
एयर इंडिया की इस कार्रवाई को उड़ान सुरक्षा के लिहाज से अहम कदम माना जा रहा है। एयरलाइन अब यह सुनिश्चित करने पर जोर दे रही है कि ड्यूटी पर तैनात कोई भी पायलट सुरक्षा मानकों से समझौता न करे।