सीमा पर पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 1.310 किलो आइस ड्रग और 3 पिस्टल बरामद

अमृतसर: पंजाब पुलिस ने सीमावर्ती इलाके में नशे और हथियारों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 310 ग्राम आइस ड्रग और तीन पिस्टल बरामद की हैं। यह कार्रवाई अमृतसर रूरल पुलिस के रामदास थाना क्षेत्र में रावी नदी के आसपास की गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रावी नदी के नजदीक सरकंडों वाले इलाके में संदिग्ध सामान छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। तलाशी के दौरान पीले टेप में लिपटे तीन पैकेट बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, पैकेटों की जांच करने पर इनमें 1 किलो 310 ग्राम आइस ड्रग और तीन पिस्टल मिलीं। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि नशीले पदार्थ और हथियार सीमा पार से ड्रोन के जरिए भारतीय क्षेत्र में पहुंचाए गए थे।

मामले में रामदास थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब बरामदगी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने, आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के लिए जांच आगे बढ़ा रही है।

सीमावर्ती क्षेत्रों में नशे और अवैध हथियारों की तस्करी रोकने के लिए पंजाब पुलिस द्वारा लगातार सर्च ऑपरेशन और निगरानी अभियान चलाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *