जालंधर में शान से लहराया तिरंगा, मंत्री मोहिंदर भगत ने शहीद परिवारों और प्रतिभाओं को किया सम्मानित

जालंधर: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जालंधर के गुरु गोबिंद सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में लोग तिरंगा लेकर पहुंचे और देशभक्ति के रंग में नजर आए।

बागवानी, स्वतंत्रता सेनानी और रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए अपना संदेश दिया। विभिन्न सुरक्षा एवं पुलिस टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट प्रस्तुत कर तिरंगे को सलामी दी।

समारोह के दौरान देश की आजादी के लिए योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और शहीद परिवारों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही जरूरतमंद लोगों को सिलाई मशीनें और ट्राइसाइकिल वितरित की गईं, ताकि वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकें।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से पीटी शो और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इन प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियों को भी प्रशंसा पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

समारोह को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। स्टेडियम में प्रवेश से पहले लोगों की जांच की गई और सुरक्षा कारणों से बैग अंदर ले जाने पर रोक रही।

डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया ने समारोह से पहले अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए थे। फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान भी प्रशासन ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *