मोगा: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के दौरान मोगा जिले में मतदाता सूची को अद्यतन करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार अब तक 7,09,641 मतदाताओं ने अपने एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करा दिए हैं, जो जिले के कुल पंजीकृत मतदाताओं का 93.57 प्रतिशत है।
डिप्टी कमिश्नर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सागर सेतिया ने बताया कि जिले में पंजीकृत 7,58,410 मतदाताओं तक पहुंचने के लिए बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर फॉर्म वितरित किए। यह सुनिश्चित करने के लिए कि कोई भी मतदाता छूट न जाए, अधिकारियों ने कई स्थानों पर बार-बार संपर्क किया। जिन परिवारों से मुलाकात नहीं हो सकी, उनके घरों पर सूचना स्टिकर भी लगाए गए ताकि वे निर्धारित समय के भीतर अपना फॉर्म जमा कर सकें।
प्रशासन के मुताबिक अभी 48,769 मतदाताओं के फॉर्म लंबित हैं। सत्यापन के दौरान 14,551 मतदाताओं के निधन, 21,606 लोगों के दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित होने और 3,096 डुप्लीकेट प्रविष्टियों का पता चला है। वहीं 9,363 मतदाता ऐसे हैं, जिनसे अब तक संपर्क नहीं हो सका या जिनका पता सत्यापित नहीं हो पाया है। इसके अलावा 153 अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि मतदाता सूची से किसी भी व्यक्ति का नाम हटाने से पहले निर्वाचन आयोग की निर्धारित प्रक्रिया का पूरी तरह पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य केवल मतदाता सूची को सटीक और अद्यतन बनाना है, ताकि सभी पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित किया जा सके।
अभियान के संचालन में 804 बूथ लेवल अधिकारी, 80 सुपरवाइजर, 8 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी, 20 अतिरिक्त सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी और 4 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों की टीम जुटी हुई है। इसके अलावा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम, मुनादी, एसएमएस अभियान, सोशल मीडिया संदेश और विशेष शिविरों के माध्यम से लोगों को समय पर एन्यूमरेशन फॉर्म जमा कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।