अमृतसर में अवैध डेयरियों के खिलाफ अभियान जारी, निगम ने दल मंडी में की कार्रवाई

नगर निगम ने शहर में अवैध रूप से संचालित डेयरियों पर शिकंजा कसते हुए दल मंडी इलाके में विशेष अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम ने बिना अनुमति संचालित डेयरी से दो पशुओं को अपने कब्जे में लेकर निगम की गोशाला भेज दिया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर के रिहायशी क्षेत्रों में अवैध डेयरियों के कारण गंदगी, सीवरेज जाम, दुर्गंध और पर्यावरण प्रदूषण जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए लगातार निरीक्षण किए जा रहे हैं और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

अधिकारियों ने बताया कि निगम सीमा के भीतर डेयरी संचालन केवल निर्धारित और अधिकृत स्थानों पर ही किया जा सकता है। यदि कोई संचालक नियमों की अनदेखी करता है तो उसके खिलाफ पशुओं की जब्ती, जुर्माना और अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने कहा कि शहर को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *