लुधियाना: अंब-अंदौरा और नई दिल्ली के बीच सफर करने वाले रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। रेलवे बोर्ड ने वंदे भारत एक्सप्रेस का ठहराव अब नंगल डैम रेलवे स्टेशन पर भी देने की मंजूरी दे दी है। उत्तरी रेलवे की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिए गए हैं। फिलहाल यह स्टॉपेज 5 महीने के ट्रायल के तौर पर लागू किया गया है। इस अवधि में यात्रियों की संख्या और टिकट बिक्री का मूल्यांकन किया जाएगा। यदि परिणाम बेहतर रहे तो इस ठहराव को स्थायी रूप से जारी रखा जा सकता है।
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 22448 अंब-अंदौरा–नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस 29 जुलाई से नंगल डैम स्टेशन पर रुकेगी। यह ट्रेन दोपहर 1 बजे अंब-अंदौरा से रवाना होकर 1:21 बजे ऊना पहुंचेगी। वहां दो मिनट रुकने के बाद 1:43 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और 1:53 बजे नई दिल्ली के लिए रवाना होगी। इसके बाद ट्रेन 2:08 बजे श्री आनंदपुर साहिब पहुंचेगी और संक्षिप्त ठहराव के बाद आगे बढ़ेगी।
वहीं, ट्रेन संख्या 22447 नई दिल्ली–अंब-अंदौरा वंदे भारत एक्सप्रेस का नंगल डैम स्टेशन पर ठहराव 30 जुलाई से शुरू होगा। यह ट्रेन सुबह 10:18 बजे नंगल डैम पहुंचेगी और 10:20 बजे ऊना के लिए रवाना होगी।
गौरतलब है कि अब तक इस रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस केवल अंब-अंदौरा, ऊना, श्री आनंदपुर साहिब और चंडीगढ़ स्टेशनों पर ही रुकती थी। नंगल डैम स्टेशन को शामिल किए जाने के बाद यह इस मार्ग का पांचवां आधिकारिक ठहराव बन जाएगा। यदि ट्रायल सफल रहता है तो नंगल डैम स्टेशन पर यह सुविधा स्थायी रूप से जारी रह सकती है।