चंडीगढ़ की CTU बसों में जल्द मिलेगी डिजिटल टिकटिंग, UPI से होगा किराए का भुगतान

पंजाब डेस्क: चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) यात्रियों के सफर को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए बसों में डिजिटल टिकटिंग सिस्टम लागू करने की तैयारी में है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यात्री बस में लगाए गए QR कोड को स्कैन कर किसी भी UPI ऐप के माध्यम से किराया जमा कर सकेंगे और तुरंत टिकट प्राप्त कर सकेंगे।

जानकारी के अनुसार, इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से CTU की 438 बसों में शुरू किया जाएगा। फिलहाल कुछ चुनिंदा रूटों पर इसका परीक्षण चल रहा है। ट्रायल सफल होने और तकनीकी प्रक्रिया पूरी होने के बाद इसे पूरे नेटवर्क में लागू किया जाएगा।

नई प्रणाली के जरिए यात्रियों को नकद भुगतान या खुले पैसों की परेशानी से राहत मिलेगी। QR कोड स्कैन करने के बाद कुछ ही सेकंड में भुगतान पूरा होगा और डिजिटल टिकट जारी कर दिया जाएगा। इससे टिकट वितरण की प्रक्रिया भी पहले से अधिक तेज और पारदर्शी होगी।

प्रशासन का कहना है कि यह सुविधा डीजल बसों के साथ-साथ इलेक्ट्रिक बसों में भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके जरिए पूरे CTU बेड़े में एक समान डिजिटल भुगतान व्यवस्था लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।

इस डिजिटल टिकटिंग सिस्टम का लाभ चंडीगढ़ के अलावा मोहाली, पंचकूला और ट्राइसिटी के अन्य प्रमुख रूटों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को भी मिलेगा। सेक्टर-17 और सेक्टर-43 आईएसबीटी से संचालित बसों के साथ-साथ पीजीआई, पंजाब यूनिवर्सिटी, रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, जीरकपुर, खरड़, मनीमाजरा, मलोया, धनास, चंडीमंदिर और मनसा देवी जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए चलने वाली बसों में भी यह सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

हालांकि, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डिजिटल भुगतान शुरू होने के बाद भी यात्रियों के पास नकद और स्मार्ट कार्ड से टिकट खरीदने का विकल्प पहले की तरह बना रहेगा। इस पहल का उद्देश्य सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए यात्रियों को तेज, सुरक्षित और आसान टिकटिंग सुविधा उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *