रामपुर में HRTC बस हादसे से मचा हड़कंप, 2 की मौत, कई घायल अस्पताल में भर्ती

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर उपमंडल में बुधवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। हादसा रामपुर-खड़ाहण-कोटाधार-खोलीघाट मार्ग पर गरटोला के पास उस समय हुआ, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

बताया जा रहा है कि शाम करीब 6:30 बजे हुई इस दुर्घटना के समय बस (एचपी 06ए 6454) में करीब 22 यात्री सवार थे। हादसे में बस के परिचालक जय प्रकाश नेगी और 72 वर्षीय डाकू राम की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों ननखड़ी क्षेत्र के निवासी थे।

घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और राहत-बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवा चिकित्सा परिसर, खनेरी (रामपुर) भेजा गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन ने राहत नियमों के तहत स्थानीय मृतक के परिवार को तत्काल 20 हजार रुपये की फौरी सहायता प्रदान कर दी है। अन्य पात्र परिवारों को भी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रशासन के अनुसार राहत एवं बचाव कार्य जारी है। एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र नेगी अस्पताल में रहकर घायलों के इलाज और राहत कार्यों की लगातार निगरानी कर रहे हैं। जिला प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित परिवारों और घायलों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *