KVM स्कूल को बम की धमकी से मची अफरा-तफरी, पुलिस जांच में नहीं मिला कोई विस्फोटक

लुधियाना: लुधियाना के रेखी सिनेमा रोड स्थित KVM स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्कूल प्रशासन ने बिना देर किए सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकालकर छुट्टी घोषित कर दी और पुलिस को सूचना दी।

धमकी की सूचना मिलते ही कमिश्नरेट पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे स्कूल परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर क्लासरूम, लैब, मैदान, छत और अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली गई। कई घंटों तक चले सर्च अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।

प्रारंभिक जांच में मामला फर्जी धमकी का प्रतीत हो रहा है। पुलिस अब धमकी भरा संदेश भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। साइबर टीम भी मैसेज के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विद्यार्थियों और स्टाफ की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रही और सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी तरह का नुकसान नहीं हुआ है।

गौरतलब है कि हाल के वर्षों में देश के कई स्कूलों को ई-मेल या मैसेज के जरिए फर्जी बम धमकियां मिल चुकी हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस हर सूचना को गंभीरता से लेते हुए व्यापक जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *