पंजाब डेस्क: जालंधर में हुई बारिश ने जालंधर-अमृतसर हाईवे की सर्विस लेन की खराब हालत की पोल खोल दी। कुछ समय की बारिश के बाद ही सर्विस लेन पर पानी भर गया, जिससे सड़क पर बने गहरे गड्ढे पूरी तरह पानी में छिप गए।
जलभराव के कारण वाहन चालकों को गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पा रहा है। कई वाहन पानी से भरे गड्ढों में फंस गए, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों का कहना है कि हर बारिश के बाद यहां यही स्थिति बन जाती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सर्विस लेन लंबे समय से मरम्मत का इंतजार कर रही है। बारिश के दौरान जलभराव से सड़क बेहद खतरनाक हो जाती है और कभी भी बड़ा सड़क हादसा हो सकता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि आने वाले दिनों में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।