पंजाब में 12 जुलाई तक बारिश का दौर जारी, 6 जिलों के लिए भारी वर्षा का अलर्ट

Punjab Weather Update: पंजाब में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए 12 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में लगातार बारिश के कारण तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। फिलहाल भी राज्य का तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार, 8 जुलाई से अगले तीन दिनों तक पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में तेज बारिश के कारण जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। वहीं, राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान लगाया गया है।

विभाग का कहना है कि 10 जुलाई को प्रदेश के कई इलाकों में सामान्य बारिश होगी, जबकि 11 और 12 जुलाई को मानसून और सक्रिय होने से कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। इससे गर्मी और उमस से राहत मिलने के साथ-साथ खेती-किसानी को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।

सोमवार को हुई बारिश के कारण पंजाब के अधिकतम तापमान में करीब 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान बठिंडा सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बारिश के आंकड़ों के अनुसार, पटियाला में 25.2 मिमी, मोहाली में 18.0 मिमी, लुधियाना में 2.2 मिमी, होशियारपुर में 0.5 मिमी और पठानकोट में 0.4 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *