कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज टोल प्लाजा पर एलपीजी गैस से भरे एक टैंकर के दुर्घटनाग्रस्त होने से बड़ा हादसा हो गया। इस दर्दनाक घटना में चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें टैंकर के डिवाइडर से टकराने और उसके बाद भीषण आग लगने की घटना कैद हुई है।
बताया जा रहा है कि 26 जून की सुबह करीब 7 बजे कानपुर से वाराणसी जा रहा एलपीजी टैंकर कोखराज टोल प्लाजा के पास अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे कुछ ही पलों में आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और टोल प्लाजा के आसपास का क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया।
सामने आए सीसीटीवी फुटेज में दो गैस टैंकर टोल प्लाजा की ओर जाते दिखाई देते हैं। इसी दौरान पीछे चल रहा टैंकर नियंत्रण खो बैठता है और डिवाइडर से टकरा जाता है। इसके बाद गैस रिसाव होने लगता है और कुछ ही क्षणों में भीषण आग लग जाती है, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच जाती है।
हादसे में मिर्जापुर निवासी टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी केबिन में फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं टोल प्लाजा पर तैनात पांच कर्मचारी भी गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें तत्काल प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान टोल कर्मचारी आलोक सिंह, हीरामणि सिंह और कृष्णपाल मौर्य ने दम तोड़ दिया। इस प्रकार हादसे में मृतकों की संख्या चार हो गई है। वहीं दो अन्य कर्मचारी अतुल कुमार मिश्रा और अनिल का इलाज अभी भी जारी है।
पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।