जालंधर, 2 जुलाई: जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के अधीन संचालित रेड क्रॉस स्कूल के विशेष जरूरतों वाले 24 विद्यार्थियों ने 245वीं बटालियन, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), लिधरां का दौरा कर सुरक्षा बलों की कार्यप्रणाली को करीब से जाना। विद्यार्थियों के साथ जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. सुरजीत लाल और स्कूल के पांच अध्यापक भी मौजूद रहे।
बटालियन पहुंचने पर कमांडेंट ब्रिज लाल, द्वितीय कमान अधिकारी अरविंद नंदा, उप कमांडेंट विशाल विग, उप कमांडेंट परवीन कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों का स्वागत किया। अधिकारियों ने उन्हें कैंप परिसर का भ्रमण करवाते हुए सीआरपीएफ की गतिविधियों और जिम्मेदारियों से परिचित कराया। इस दौरान रेड क्रॉस सोसाइटी के विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों में इंटर्नशिप कर रहे प्रशिक्षु भी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान विद्यार्थियों को सीआरपीएफ की दैनिक कार्यशैली, प्रशिक्षण प्रक्रियाओं, सुरक्षा अभियानों की तैयारियों तथा संगठन में उपलब्ध रोजगार एवं करियर के अवसरों संबंधी विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उन्हें देशभक्ति, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होने के लिए प्रेरित किया।
सीआरपीएफ अधिकारियों और जवानों ने विद्यार्थियों के साथ संवाद करते हुए शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि नियमित व्यायाम, सकारात्मक सोच और अनुशासित जीवनशैली व्यक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं।
कार्यक्रम के अंत में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रतिनिधियों और अध्यापकों ने युवाओं में देशसेवा, अनुशासन, फिटनेस और सामाजिक मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए 245वीं बटालियन, सीआरपीएफ, लिधरां द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।