बेंगलुरु। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में गुरुवार सुबह एक पत्थर खदान में हुए दर्दनाक हादसे में बिहार के सात मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए। हादसा बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके में स्थित एक स्टोन क्रशर और खदान परिसर में हुआ, जहां काम के दौरान अचानक एक विशाल चट्टान टूटकर मजदूरों पर आ गिरी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय खदान में पत्थर तोड़ने और खुदाई का काम चल रहा था। मौके पर करीब 18 मजदूर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 40 फीट ऊंचाई से चट्टान का एक बड़ा हिस्सा खिसककर नीचे आ गिरा, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई और कई मजदूर मलबे के नीचे दब गए।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग दिहाड़ी मजदूर थे और लंबे समय से खदान में काम कर रहे थे। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का अभियान शुरू किया गया।
घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। प्रशासन अभी घायलों की संख्या और उनकी स्थिति का आकलन कर रहा है।
प्रशासन ने एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया है और मलबे की गहन जांच की जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति अंदर फंसा न हो।
पुलिस ने पुष्टि की है कि मृतकों में शामिल सभी सात मजदूर बिहार के निवासी थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। साथ ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है कि हादसा प्राकृतिक कारणों से हुआ या फिर खदान में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही इसकी वजह बनी।