अमृतसर : सनातन सेवा समिति पंजाब और पंजाब सरकार के पर्यटन एवं सांस्कृतिक विभाग के संयुक्त सहयोग से आगामी 27 जून 2026 को पाइटेक्स (PITEX) ग्राउंड, रंजीत एवेन्यू, अमृतसर में ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ भव्य धार्मिक समागम का आयोजन किया जा रहा है। इस समागम की तैयारियों को लेकर आज डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने जिला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डिप्टी कमिश्नर श्री दलविंदरजीत सिंह ने बताया कि सनातन सेवा समिति और पंजाब सरकार द्वारा 27 जून की शाम 6:30 बजे आयोजित होने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में देश के प्रसिद्ध भजन गायक हंसराज रघुवंशी विशेष रूप से पहुंच रहे हैं, जो भगवान शिव के भजनों का गायन कर संगत को निहाल करेंगे।
डिप्टी कमिश्नर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को इस समागम की सफलता के लिए सौंपी गई जिम्मेदारियों को समय रहते पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा यहां आने वाली संगत की सुरक्षा, सुचारू पार्किंग, स्वच्छ पानी और मुस्तैद मेडिकल टीमों के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएंगे।
बैठक के दौरान सनातन सेवा समिति पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री विजय शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर कर अपनी समृद्ध संस्कृति व अध्यात्म से जोड़ना है। यह आयोजन पूरी तरह राजनीति से ऊपर उठकर समाज कल्याण के लिए समर्पित है। समिति के माझा जोन प्रभारी श्री प्रणव धवन ने तैयारियों की जानकारी साझा करते हुए बताया कि समागम में भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्यक्रम में सभी के लिए प्रवेश बिल्कुल निःशुल्क (मुफ्त) रहेगा।
इस उच्च स्तरीय बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त (सामान्य) मैडम पल्लवी मिश्रा, अतिरिक्त उपायुक्त (ग्रामीण विकास) श्री सुरिंदर सिंह, डीसीपी श्री विजय आलम, एसडीएम अमृतसर-1 मैडम अलका कालिया, एसडीएम अमृतसर-2 स. गुरमिंदर सिंह, टूरिस्ट अधिकारी स. सुखमिंदर सिंह और सनातन सेवा समिति के पदाधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।