सब्जी मंडी में भीषण आग, लाखों का नुकसान; कई परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट

धालीवाल जीटी रोड स्थित सब्जी मंडी में मंगलवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचा दी। आग की चपेट में आने से कई दुकानें और उनमें रखा सामान जलकर राख हो गया। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इस हादसे में करीब 5 से 6 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडी के नजदीक लगे बिजली के खंभों से निकली चिंगारियों के कारण आग भड़की, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की ऊंची लपटों और धुएं के गुबार से पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।

सब्जी मंडी के प्रधान दीपक कुमार रिंटू और दुकानदार गुलशन कुमार ने बताया कि वे रोजाना की तरह दुकानें बंद कर घर चले गए थे। दोपहर करीब 1:15 बजे उन्हें आग लगने की सूचना मिली। आग इतनी भयंकर थी कि उस पर काबू पाना आसान नहीं था। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।

दुकानदारों ने बताया कि इस हादसे से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है और करीब छह से सात परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने प्रशासन और हलका कादियां के इंचार्ज रूप सिंह सेखवां से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की है, ताकि उनका कारोबार दोबारा शुरू हो सके।

फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है, जबकि प्रभावित व्यापारियों को राहत दिलाने की मांग लगातार उठ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *