30 जून तक गड्ढा और मैनहोल मुक्त होगा लुधियाना, हरजोत बैंस ने तय की डेडलाइन

पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने “मिशन क्लीन पंजाब” के तहत लुधियाना का अचानक दौरा कर नगर निगम अधिकारियों को 30 जून तक शहर को गड्ढा और खराब मैनहोल मुक्त बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को रोजाना सुबह 7 से 8 बजे तक जमीनी स्तर पर निरीक्षण कर प्रगति रिपोर्ट देने के आदेश भी दिए।

मानसून की तैयारियों की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने मंत्री को बताया कि शहर में 220 किलोमीटर सीवरेज लाइनों की सफाई की जा रही है, जिनमें से 49 किलोमीटर को प्राथमिकता के आधार पर लिया गया है। अब तक 47 प्रतिशत सीवर लाइनों से कीचड़ निकाला जा चुका है और शेष कार्य 30 जून तक पूरा कर लिया जाएगा। मंत्री ने सभी सीवरेज लाइनों की सफाई समय पर पूरी करने और जलभराव व सीवरेज शिकायतों की निगरानी के लिए 24×7 वार रूम स्थापित करने के निर्देश दिए।

बैंस ने राष्ट्रीय राजमार्गों पर जमा कूड़े और बारिश के पानी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि संबंधित एजेंसियां सफाई नहीं करेंगी तो नगर निगम सफाई कर खर्च की वसूली करेगा। उन्होंने बताया कि शहर में 172 करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं चल रही हैं और सभी सड़क मरम्मत कार्य 30 जून तक पूरे किए जाएंगे।

इसके अलावा ट्रैफिक जंक्शनों के सौंदर्यीकरण, नए डस्टबिन लगाने, झाड़ियों की कटाई, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने तथा खराब स्ट्रीट लाइटों और बंद ट्यूबवेलों को जल्द चालू करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *