जालंधर में दिनदहाड़े गोलियों की गूंज, मशहूर शोरूम पर हमला; CCTV में कैद हुए हमलावर !

 

पंजाब के जालंधर में एक बार फिर दिनदहाड़े हुई फायरिंग ने लोगों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। शहर के किशनपुरा चौक के पास स्थित मशहूर BMS फैशन शोरूम को निशाना बनाते हुए बाइक सवार दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के दुकानदारों में हड़कंप फैल गया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक शोरूम के सामने पहुंचे और बिना रुके चलती बाइक से ही फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई। हमले के दौरान शोरूम के मुख्य गेट का शीशा चकनाचूर हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरी घटना शोरूम में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों हमलावर साफ दिखाई दे रहे हैं, जिसके आधार पर पुलिस उनकी पहचान करने में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीसीपी (ADCP) भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के अनुसार, दोपहर करीब साढ़े तीन बजे कंट्रोल रूम को फायरिंग की सूचना मिली थी, जिसके बाद पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक खाली खोल भी बरामद किया गया है।

पुलिस शोरूम मालिक से पूछताछ कर रही है और शुरुआती जांच में मामला फिरौती या किसी धमकी भरे फोन से जुड़ा होने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल CCTV फुटेज की जांच की जा रही है और पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *