पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र की सदन में कार्रवाई शुरू हो गई है।
पंजाब विधानसभा के विशेष सत्र की सदन में कार्रवाई शुरू हो गई है। बता दें कि विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने आज अंतरराष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर पंजाब विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की आधिकारिक घोषणा की थी। इससे पहले यह निर्णय मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अध्यक्षता में हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में लिया गया था।
जानकारी के अनुसार, यह सत्र आम आदमी पार्टी (आप) के 7 विधायकों के दल बदल की घटनाओं के बाद आयोजित किया गया है।
इन विशेष मुद्दों पर की जाएगी चर्चा
यह सत्र छुट्टी के दिन आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले 13 अप्रैल को भी अवकाश के दिन विशेष सत्र बुलाया गया था, जिसमें बेअदबी के खिलाफ कड़े दंड का कानून पारित किया गया था। हालांकि इस बार के सत्र को मजदूर दिवस को समर्पित बताया गया है और इसमें मजदूर वर्ग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
मजदूर संगठनों के प्रतिनिधियों को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है, लेकिन साथ ही दल बदल का मुद्दा भी सदन में उठने की पूरी संभावना है।
विपक्ष इस मौके पर सरकार को घेरने की तैयारी में है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान पहले ही संकेत दे चुके हैं कि यदि विपक्ष को कोई संदेह है तो सरकार विश्वास प्रस्ताव भी ला सकती है। इसके अलावा दल बदल करने वाले विधायकों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की संभावना भी जताई जा रही है।