जालंधर में PAP फ्लाईओवर पर नए रैंप का निर्माण शुरू:NHAI बना रहा रूट

अमृतसर-पठानकोट जाने के लिए अब नहीं काटना पड़ेगा लंबा चक्कर

जालंधर में नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने पीएपी (PAP) फ्लाईओवर पर एक नए रैंप का निर्माण शुरू कर दिया है, जिससे अब लोगों को लंबा चक्कर काटने या जाम में फंसने से निजात मिलेगी। NHAI ने पीएपी फ्लाईओवर के साथ 300 मीटर लंबे और 5.5 मीटर चौड़े रैंप का निर्माण कार्य आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है। यह प्रोजेक्ट शहर के उन लोगों के लिए वरदान साबित होगा जो अक्सर अमृतसर और पठानकोट की ओर जाते हैं।
पुरानी खामी होगी दूर
साल 2019 में जब पीएपी फ्लाईओवर खुला था, तो अमृतसर जाने वाली लेन में एक बड़ी इंजीनियरिंग खामी रह गई थी। जहां यह लेन मुख्य हाईवे से मिलती थी, वहां अक्सर दुर्घटनाएं होती थीं। सुरक्षा के चलते इस रास्ते को बंद करना पड़ा था, जिससे जनता को परेशानी हो रही थी।
अभी झेलनी पड़ती है भारी परेशानी
रास्ता बंद होने के कारण फिलहाल शहरवासियों के पास दो ही विकल्प हैं या तो लाडोवाली रोड से गुरु नानकपुरा वाले भीड़भाड़ वाले रास्ते से जाएं, जहां रेलवे क्रॉसिंग पर घंटों जाम मिलता है। या फिर रामा मंडी चौक तक जाकर 3 किलोमीटर का लंबा चक्कर काटकर वापस आएं।
6 महीने से एक साल में काम होगा पूरा
इस रैंप के लिए जमीन पंजाब आर्म्ड पुलिस (PAP) मुख्यालय से पहले ही ले ली गई थी। अब एक निजी कंपनी ने निर्माण शुरू कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि अगले 6 महीनों से लेकर एक साल के भीतर यह बनकर तैयार हो जाएगा।
बिना बाधा के सफर
नया प्लान इस तरह तैयार किया गया है कि यह रैंप चुगिट्टी इलाके से जुड़ेगा, जहां पहले से ही एक अंडरपास मौजूद है। यह सीधे चार लेन वाली सड़क में मिल जाएगा। राहत की बात यह भी है कि इस प्रोजेक्ट के लिए रेलवे को अलग से कोई स्लैब डालने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *