Punjab Weather Today: पंजाब में बढ़ रहा गर्मी का कहर, इन ज़िलों में ‘येलो हीटवेव अलर्ट’ जारी

पंजाब में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है।

बता दें कि दिन के साथ-साथ रातें भी तपिश से राहत नहीं दे रहीं। मौसम विभाग ने आज के लिए ‘येलो हीटवेव अलर्ट’ जारी किया है, जिससे संकेत मिलता है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है। अनुमान है कि यह गर्म और शुष्क मौसम 25 अप्रैल तक बना रहेगा, जबकि 26 अप्रैल के बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश राहत दे सकती है।

पिछले 24 घंटों में तापमान में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है, लेकिन यह पहले से ही सामान्य से करीब 2 डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। बठिंडा और फरीदकोट में अधिकतम तापमान 41.6°C तक पहुंच गया, जो राज्य में सबसे ज्यादा रहा।

इन जिलों में लू का खतरा ज्यादा

मौसम विभाग के अनुसार, लुधियाना, नवांशहर, रूपनगर, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और पटियाला के कई हिस्सों में आज लू चलने की संभावना है। इन क्षेत्रों में गर्म हवाओं के कारण तापमान सामान्य से काफी ऊपर रह सकता है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ सकते हैं।

लगभग पूरे राज्य में तापमान ऊँचा

पंजाब के 21 जिलों में तापमान 35°C से ऊपर दर्ज किया गया है। इनमें से कई जिलों में पारा 39°C के करीब या उससे ऊपर पहुंच चुका है। प्रमुख शहरों की बात करें तो पटियाला में 39.3°C, भाखड़ा बांध में 39.2°C, लुधियाना में 39.0°C और चंडीगढ़ में 38.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर, पठानकोट, गुरदासपुर और फाजिल्का जैसे क्षेत्रों में भी तापमान 37°C के आसपास बना हुआ है।

मौसम में बदलाव के संकेत

23 अप्रैल से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर आने वाले दिनों में मौसम पर पड़ सकता है। हालांकि फिलहाल ऊपरी वायुमंडल में बना चक्रवाती परिसंचरण कमजोर हो गया है, जिससे तत्काल राहत की उम्मीद कम है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4–5 दिनों तक गर्म और शुष्क मौसम जारी रहेगा। इस दौरान तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और वृद्धि हो सकती है। 24 से 26 अप्रैल के बीच कई इलाकों में लू का असर चरम पर रहने की संभावना है। इसके बाद हल्की बारिश से कुछ राहत मिलने के आसार हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *