वीडियो में एक युवक दूसरे संबंधित व्यक्तियों की पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है।
अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल के मंजी साहिब दीवान हाल के बाहर कुछ युवकों द्वारा चेकिंग के दौरान इंजेक्शन, तंबाकू और बीड़ी मिलने पर वहां मौजूद युवक भड़क गए और संबंधित व्यक्तियों की पिटाई कर दी। आरोप लगाया गया कि इन लोगों ने एक युवक का फोन चोरी किया था।
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक दूसरे संबंधित व्यक्तियों की पिटाई करता हुआ दिखाई दे रहा है। यह वीडियो इंस्टाग्राम अकाउंट sona.pb.2 (निशान सिंह) पर साझा किया गया है, जिसमें देखा जा सकता है कि लाल रुमाल बांधे एक युवक दो अन्य युवकों को थप्पड़ मार रहा है, जबकि बाकी युवक उनके बैग की तलाशी ले रहे हैं।
अब पढ़िए वीडियो में क्या कुछ दिख रहा है
यह वीडियो लगभग 1 मिनट 30 सेकंड की है। इसमें सबसे पहले दिखता है कि एक युवक लाइटर दिखा रहा है, दूसरा तंबाकू/बीड़ी दिखा रहा है, एक वीडियो बना रहा है और दो अन्य लोग चेकिंग कर रहे हैं। वहीं दो लोगों को सामने खड़ा किया गया है।
इसी दौरान एक लाल रुमाल बांधे युवक कहता है कि यह सारा सामान तुम्हारा है और वह एक थप्पड़ मार देता है।
तब वह युवक सामने से कहता है, मैं कुछ नहीं खाता, मेरा नाम मत लो।
इस पर दूसरा युवक और उसके साथी कहते हैं, खाता क्यों नहीं ओए?
फिर वह युवक कहता है, जिससे मर्जी जाकर पूछ लो, मैं बुटीक पर काम करता हूं और शनिवार को आता हूं।
फिर एक युवक कहता है, अगर तुम नहीं खाते तो इनके साथ क्या कर रहे हो?
इसके बाद लाल रुमाल वाला युवक कहता है और गुरुघर के अंदर नशीली चीजें क्यों?
फिर वीडियो दोबारा शुरू होती है, जिसमें एक युवक इंजेक्शन दिखाता है, जो लगभग 5–6 होते हैं और कहता है कि ये इन्हीं लोगों के हैं। इसके बाद लाल रुमाल वाला युवक दोनों को थप्पड़ मारता है। पास खड़े लोग कहते हैं, इनको बांधो। इतने में वीडियो खत्म हो जाती है।
वीडियो के ऊपर पंजाबी में लिखा गया संदेश इस प्रकार है- वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह। साध संगत जी, आज 12/4/2026 को सुबह करीब 6:30 बजे ये चोर पकड़े गए। इन्होंने किसी वीर का फोन चोरी किया था। जब संगत ने इन्हें पकड़ा तो इनके पास से बीड़ियां, लाइटर और इंजेक्शन मिले।
यह बहुत शर्म की बात है कि इतनी पवित्र जगह पर हमारे अपने ही लोग समझ नहीं रहे, तो हम बाहरी लोगों को क्या समझाएंगे। जो भी संगत दूर-दूर से आती है और दीवान हाल में सोती है, कृपया अपना ध्यान रखें। वाहेगुरु जी का खालसा, वाहेगुरु जी की फतेह।