IPL 2026 में खेले जाएंगे कितने मैच, कब आएगा पूरा शेड्यूल? सामने आया बड़ा अपडेट

BCCI ने विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान के इंतजार के कारण कुछ दिनों पहले सिर्फ शुरुआती 20 मैच का शेड्यूल जारी किया था.

आईपीएल का नया सीजन शुरू होने में एक हफ्ते से भी कम वक्त बचा है और अब तक इसका पूरा शेड्यूल रिलीज नहीं हुआ है. BCCI ने कुछ ही दिन पहले 28 मार्च से लेकर 12 अप्रैल तक का शेड्यूल जारी किया था, जिसमें सिर्फ 20 मैच शामिल थे. इसके बाद से ही सीजन के बाकी मुकाबलों की तारीखों को जानने का इंतजार हर किसी को है. मगर एक सवाल ये भी है कि आईपीएल 2026 में कुल कितने मैच खेले जाएंगे? क्या इस बार भी पहले की तरह 74 मैच होंगे या इस बार संख्या बढ़ेगी? मगर अब एक रिपोर्ट में साफ हो गया है कि इस बार भी 74 मैच होंगे और बचे हुए 54 मुकाबलों की तारीख नया सीजन शुरू होने से ठीक पहले सामने आ जाएगी.

कितने मैच बाकी, कब आएगा शेड्यूल?

पिछले कुछ दिनों से लगातार ये अटकलें लगाए जा रही थीं कि इस बार BCCI मैचों की संख्या बढ़ाकर 80 तक कर सकती है. मगर क्रिकबज की रिपोर्ट की मानें तो ऐसा नहीं हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि आईपीएल 2026 में अब सिर्फ 54 मुकाबलों का कार्यक्रम सामने आना बाकी है और 26 मार्च तक BCCI इसका भी खुलासा कर सकती है. रिपोर्ट में बताया गया है कि बोर्ड ने सभी फ्रेंचाइजी को बताया है कि इन मुकाबलों का शेड्यूल अभी फाइनल नहीं हुआ है लेकिन 3-4 दिन इसमें लग सकते हैं.
BCCI ने विधानसभा चुनावों की तारीखों के ऐलान के इंतजार के कारण सिर्फ शुरुआती 20 मैच का शेड्यूल रिलीज किया था. विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है, जिसमें तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और असम में आईपीएल के मुकाबले खेले जाने हैं. ऐसे में जिन दिनों में इन राज्यों में वोटिंग होगी, उन दिनों में चेन्नई (23 अप्रैल), कोलकाता (23 और 29 अप्रैल) और गुवाहाटी (9 अप्रैल) में मैच का आयोजन नहीं होगा. सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 29 मार्च तक वोटिंग खत्म हो जाएगी और 4 मई को मतगणना होगी. ऐसे में इन तारीखों में इन राज्यों में कोई भी IPL मैच नहीं खेले जाएंगे.

राजस्थान रॉयल्स कहां खेलेगी होम मैच?

इसके अलावा आने वाले शेड्यूल में एक खास बात ये देखने वाली होगी कि राजस्थान रॉयल्स अपने होम मैच कहां खेलेगी. शुरुआती शेड्यूल में राजस्थान के तीनों होम गेम असम के गुवाहाटी में खेले जाने हैं. मगर क्या बचे हुए चारों मैच भी वहीं होंगी या फिर टीम को अपने शहर जयपुर में खेलने का मौका मिलेगा या फिर किसी अन्य स्टेडियम में टीम अपना बेस बनाएगी. जहां तक टूर्नामेंट का सवाल है तो ये साफ है कि इसकी शुरुआत 28 मार्च से होगी और फाइनल 31 मई को ही खेला जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *