Punjab Government का बड़ा फैसला: 3.34 लाख परिवारों को जल्द मिलेगा बड़ा फायदा

पंजाब में जरूरतमंद परिवारों को राहत देने के लिए सरकार की ओर से मुफ्त अनाज वितरण अभियान तेजी से चलाया जा रहा है।

‘प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना’ के तहत पात्र राशन कार्ड धारकों को मुफ्त गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन का लक्ष्य है कि तय समय सीमा से पहले सभी लाभार्थियों तक अनाज पहुंचा दिया जाए।

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीमों ने कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा के नेतृत्व में अभियान को तेज करते हुए अब तक जिले के लगभग 75 प्रतिशत लाभार्थियों को उनका राशन वितरित कर दिया है। विभाग के अनुसार 10 मार्च तक करीब 3.34 लाख परिवारों को मुफ्त गेहूं दिया जा चुका है, जबकि बाकी परिवारों तक भी राशन डिपो के माध्यम से तेजी से वितरण जारी है।

लुधियाना में लाखों लाभार्थी

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक लुधियाना जिले में इस योजना के अंतर्गत कुल 4,40,672 राशन कार्ड धारक परिवार पंजीकृत हैं। इन परिवारों में लगभग 16,62,310 सदस्य शामिल हैं। सभी लाभार्थियों के लिए केंद्र सरकार ने करीब 25,159 मीट्रिक टन गेहूं का कोटा जारी किया है, ताकि किसी भी पात्र परिवार को अनाज से वंचित न रहना पड़े।

तीन महीनों के लिए मुफ्त अनाज

सरकार की योजना के अनुसार 1 जनवरी से 31 मार्च तक तीन महीने के लिए मुफ्त गेहूं दिया जा रहा है। राशन कार्ड में दर्ज प्रत्येक सदस्य को हर महीने 5 किलोग्राम गेहूं मिल रहा है। इस तरह तीन महीनों में एक व्यक्ति को कुल 15 किलोग्राम मुफ्त गेहूं उपलब्ध कराया जा रहा है।

समय रहते लें राशन

खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर सरताज सिंह चीमा ने सभी राशन कार्ड धारकों से अपील की है कि वे 31 मार्च से पहले अपने नजदीकी राशन डिपो से गेहूं अवश्य प्राप्त कर लें। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा के बाद योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुफ्त गेहूं गरीब परिवारों का अधिकार है और इसके वितरण में किसी भी तरह की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विभाग की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि योजना का लाभ सही पात्र लोगों तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *