Jalandhar में एनकाउंटर, पुलिस और बदमाशों के बीच हुई झड़प, गोल्डी बराड़ गैंग के 2 शूटर गिरफ्तार

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया।

जालंधर के नकोदर इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश पकड़े गए, जिनमें से एक को गोली लगी और दूसरे की टांग टूट गई। आरोपियों की पहचान अंकित कुमार उर्फ अंकित (सीतामढ़ी, बिहार; हाल लुधियाना) और हरिंदर गुप्ता उर्फ हरिंदर (गोरखपुर, उत्तर प्रदेश; हाल लुधियाना) के रूप में हुई है। ये दोनों आरोपी शहर के एक प्रमुख व्यवसायी से 5 करोड़ रुपए की फिरौती लेने की कोशिश में थे।
गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई
एसएसपी जालंधर ग्रामीण, हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशन में विशेष पुलिस टीम को जानकारी मिली कि ये आरोपी क्षेत्र में एक और अपराध को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। नूरमहल रोड, गांव बीर फाटक के पास जब पुलिस ने बाइक पर सवार संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित कुमार के पैर में गोली लगी, जबकि भागते समय हरिंदर गुप्ता का पैर फ्रैक्चर हो गया।
हथियार और कारतूस बरामद
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। उनके कब्जे से एक .30 बोर पिस्तौल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार ये आरोपीय फिरौती न मिलने पर पीड़ित पर हमला करने आए थे।
गिरोह की जांच जारी
पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा सके। अधिकारी यह भी स्पष्ट कर रहे हैं कि गिरफ्तार आरोपी विदेशी गैंगस्टरों के इशारे पर काम कर रहे थे और उनकी हरकतों से शहर में खौफ का माहौल था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *