टीम इंडिया ने कटक में साउथ अफ्रीका को हैट्रिक से रोक दिया और सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली.
भारतीय टीम ने वनडे फॉर्मेट की सफलता को टी20 सीरीज में भी जारी रखते हुए पहले ही मैच में साउथ अफ्रीका को रौंद दिया. कटक के बाराबती स्टेडियम में खेले गए वनडे सीरीज के पहले मैच में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को 101 रन के बड़े अंतर से हरा दिया. चोट के कारण दो महीने तक बाहर रहने वाले स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने धमाकेदार वापसी की और ताबड़तोड़ अर्धशतक जमाकर टीम इंडिया को 175 रन तक पहुंचाया. इसके बाद गेंदबाजों के मिले-जुले प्रयास के दम पर भारत ने साउथ अफ्रीका को सिर्फ 74 रन पर ढेर कर दिया. ये साउथ अफ्रीका का टी20 इंटरनेशनल में सबसे छोटा स्कोर है.
टॉप ऑर्डर फेल, फिर आया हार्दिक का तूफान
टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 175 रन बनाए लेकिन यहां तक पहुंचना उसके लिए आसान नहीं रहा क्योंकि टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज खुलकर रन बनाने में नाकाम रहे. टीम में लौटे शुभमन गिल पहले ओवर में ही ढेर हो गए, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव और अभिषेक शर्मा भी ज्यादा देर नहीं टिक सके. सिर्फ 78 रन पर ही टीम इंडिया ने 4 विकेट गंवा दिए थे और स्थिति मुश्किल होती जा रही थी.