जम्मू पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गौ-तस्करी का किया भंडाफोड़

जब बस की तलाशी ली गई, तो पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए।

घगवाल क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसी गौ-तस्करी कोशिश को नाकाम कर दिया, जिसने सुरक्षा एजेंसियों को भी चौंका दिया। बता दें कि सर्दी और शादी-ब्याह के मौसम में बढ़ी मांग का फायदा उठाते हुए तस्करों ने इस बार पशुओं को ढोने के लिए ऐसा तरीका अपनाया, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी। पहली बार तस्करों ने एक सामान्य यात्री बस को ही गौ-तस्करी का साधन बना लिया, ताकि पुलिस जांच को भ्रमित किया जा सके।
जानकारी के अनुसार, एसएसपी सांबा के निर्देश पर घगवाल थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम तड़के सुबह टप्याल क्षेत्र में नियमित नाका जांच कर रही थी। इसी दौरान एक पैसेंजर बस को रुकने का संकेत दिया गया, लेकिन चालक ने रुकने की बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और बैरिकेड्स तोड़कर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत पीछा किया और कुछ दूरी पर चालक बस छोड़कर अंधेरे में गायब हो गया।
जब बस की तलाशी ली गई, तो पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए। बस की सभी सीटें निकालकर उनकी जगह छह गौवंश मवेशियों को रस्सियों से बांधकर ठूंस दिया गया था। पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर मवेशियों को सुरक्षित रूप से छुड़ाकर नजदीकी गौशाला पहुंचाया।
इसी अभियान के दौरान एक और बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक 407 टेंपो को रोका, जिसमें आठ मवेशियों को अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। इस वाहन को भी कब्जे में लेकर तस्करी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कुल 14 मवेशियों को बचाकर घगवाल पुलिस ने एक बार फिर यह स्पष्ट संदेश दिया है कि क्षेत्र में किसी भी तरह की अवैध पशु ढुलाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब फरार बस चालक के साथ-साथ इस पूरे तस्करी गिरोह की कड़ियों को खंगालने में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *