Punjab Weather: पंजाब में बढ़ी सर्दी और कोहरा, जानें आने वाले दिनों में मौसम का हाल

पंजाब में सर्दी ने अब रफ्तार पकड़ ली है

पंजाब में सर्दी ने अब रफ्तार पकड़ ली है और सुबह-शाम की ठिठुरन लोगों को महसूस होने लगी है। बता दें कि राज्यभर में तापमान लगातार नीचे जा रहा है, जिससे मौसम में ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आने वाले दिनों में भी आसमान साफ़ बना रहेगा।
पंजाब में सुबह-शाम बढ़ी ठंड
पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिसके चलते कई इलाकों में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आज भी पूरा प्रदेश शुष्क मौसम का अनुभव करेगा। हालांकि, सुबह के समय कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा छाने की संभावना है, लेकिन घने कोहरे या किसी अन्य मौसमीय खतरे की चेतावनी नहीं दी गई है।
अधिकांश जिलों में रात का तापमान और नीचे जाने की उम्मीद
28 नवंबर से राज्य के अधिकांश जिलों में रात का तापमान और नीचे जाने की उम्मीद है। कई जगहों पर पारा 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं जालंधर, कपूरथला, पटियाला, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना और मोहाली के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
दक्षिण एवं दक्षिण-पश्चिम पंजाब में रातें सामान्य से ज्यादा ठंडी रहने की संभावना है, जबकि बाकी इलाकों में तापमान सामान्य या उससे थोड़ा ऊपर रह सकता है। फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को सुबह और रात के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि तापमान में तेजी से गिरावट महसूस की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *