Asia Cup Hockey 2025: एशिया कप में टीम इंडिया का विजयी आगाज, चीन को 4-3 से हराया

बिहार के राजगीर में 29 अगस्त से शुरू हुए हॉकी एशिया कप 2025 में मेजबान भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है।

बिहार के राजगीर में 29 अगस्त से शुरू हुए हॉकी एशिया कप 2025 में मेजबान भारतीय टीम ने शानदार जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। ग्रुप-ए के पहले मुकाबले में भारत ने चीन को 4-3 से हराया। इस मैच में भारत की तरफ से खेले गए चारों गोल पेनाल्टी कॉर्नर से आए। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाते हुए 3 गोल किए। जबकि जुगराज सिंह ने 1 गोल दागा।
मैच का रोमांचक सफर
मैच की शुरुआत चीन ने की और पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बना ली।भारत ने जल्द ही वापसी कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बढ़त 3-1 कर दी। लेकिन मुकाबला यहीं खत्म नहीं हुआ। चीन ने हार नहीं मानी और तीसरे क्वार्टर तक स्कोर 3-3 की बराबरी पर पहुंचा दिया।
हरमनप्रीत का निर्णायक गोल
आखिरी क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने खेल के 47वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल दागा और भारत को 4-3 की बढ़त दिला दी। यही गोल भारत की जीत का निर्णायक साबित हुआ। चीन ने बराबरी करने की पूरी कोशिश की, लेकिन भारतीय रक्षा पंक्ति ने उन्हें सफल नहीं होने दिया और मुकाबला भारत की जीत के साथ समाप्त हुआ।
प्वॉइंट्स टेबल में भारत का स्थान
इस जीत के बाद भारतीय टीम को ग्रुप-ए में 3 अंक मिले और वह प्वॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है। वहीं जापान की टीम पहले नंबर पर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *