अमृतसर: पंजाब में सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने की दिशा में चल रहे प्रयासों के तहत आम आदमी पार्टी के उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के इंचार्ज करमजीत सिंह रिंटू ने अमृतसर के कई सरकारी स्कूलों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल बैग और यूनिफॉर्म वितरित किए तथा छात्रों और शिक्षकों से संवाद भी किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है। उनका कहना था कि स्कूलों में इंफ्रास्ट्रक्चर, पढ़ाई और अन्य सुविधाओं में लगातार सुधार किया जा रहा है, जिससे छात्रों का रुझान सरकारी स्कूलों की ओर बढ़ा है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल ऑफ एमिनेंस मॉल रोड की छात्रा टिया को इंटरनेशनल शक्तिसैट सैटेलाइट मिशन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा NEET-2026 में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की गई।
करमजीत सिंह रिंटू ने कहा कि आज पंजाब के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल और अन्य प्रतियोगिताओं में भी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह बदलाव शिक्षकों की मेहनत, विद्यार्थियों की लगन और सरकार की शिक्षा संबंधी पहलों का परिणाम है।
इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी (सेकेंडरी) कंवलजीत सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी राजेश खन्ना, विभिन्न स्कूलों के प्रिंसिपल, अध्यापक और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।