अमृतसर: अमृतसर पुलिस ने नितिन कुमार उर्फ चीकू हत्याकांड की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य आरोपी महकप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर रविंदर पाल सिंह संधू ने बताया कि 7 जुलाई को नितिन कुमार की मोटरसाइकिल पर जाते समय अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आरोपी महकप्रीत सिंह जम्मू-कश्मीर फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखते हुए उसे वापस लौटने पर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश मुख्य कारण थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जांच में आरोपियों के एक गैंगस्टर से जुड़े होने की भी जानकारी मिली है।
पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर गठित संयुक्त जांच टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और खुफिया इनपुट के आधार पर मामले का खुलासा किया। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।