पंजाब के तरनतारन में दर्दनाक हादसा, खाना खाने के बाद दो सगे भाइयों ने तोड़ा दम

तरनतारन: पंजाब के तरनतारन जिले के गांव रानीवाला में दो मासूम सगे भाइयों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है।

मृत बच्चों की पहचान 7 वर्षीय गुरनिशान सिंह और डेढ़ वर्षीय गुरदान सिंह के रूप में हुई है। दोनों गांव रानीवाला निवासी सरजीत सिंह के बेटे थे।

जानकारी के मुताबिक, 13 जुलाई की रात परिवार ने घर में बना भोजन किया था। खाना खाने के कुछ समय बाद परिवार के कई सदस्यों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर सभी को अस्पताल ले जाया गया। इस दौरान गुरनिशान सिंह ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि डेढ़ वर्षीय गुरदान सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। राहत की बात यह है कि परिवार के अन्य सदस्यों की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह घटना दूषित भोजन या किसी जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थाना चोहला साहिब की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा मेडिकल जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *