17 जुलाई से अमृतसर-वाराणसी के बीच दौड़ेगी वंदे भारत स्लीपर, सप्ताह में तीन दिन चलेगी ट्रेन

जालंधर: अमृतसर और वाराणसी के बीच सफर करने वाले यात्रियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। रेलवे 17 जुलाई से वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन शुरू करने जा रहा है। इस नई सेवा के शुरू होने से पंजाब और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा पहले की तुलना में अधिक तेज और आरामदायक हो जाएगी।

रेलवे ने पहले इस ट्रेन को 12 जुलाई से शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन संशोधित कार्यक्रम के तहत अब इसकी शुरुआत 17 जुलाई से होगी। इस ट्रेन का संचालन संत रविदास एक्सप्रेस के नाम से किया जाएगा और यह सप्ताह में तीन दिन चलेगी।

रेलवे के शेड्यूल के अनुसार, छेहर्टा-वाराणसी संत रविदास एक्सप्रेस (14624) प्रत्येक बुधवार, शुक्रवार और रविवार को दोपहर 2:05 बजे छेहर्टा से रवाना होगी। ट्रेन 2:25 बजे अमृतसर पहुंचेगी और वहां से 2:30 बजे वाराणसी के लिए प्रस्थान करेगी। यह अगले दिन सुबह 7:25 बजे लखनऊ और दोपहर 12:15 बजे वाराणसी पहुंचेगी।

वापसी में वाराणसी-छेहर्टा संत रविदास एक्सप्रेस (14623) प्रत्येक गुरुवार, शनिवार और सोमवार को शाम 7:50 बजे वाराणसी से रवाना होगी। यह रात 12:10 बजे लखनऊ, अगले दिन 4:35 बजे अमृतसर और 5:10 बजे छेहर्टा पहुंचेगी।

यह ट्रेन अमृतसर, जालंधर सिटी, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, शाहजहांपुर, लखनऊ, सुल्तानपुर और जौनपुर सिटी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। रेलवे का मानना है कि नई स्लीपर सेवा से लंबी दूरी के यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और दोनों राज्यों के बीच रेल संपर्क भी मजबूत होगा। ट्रेन का रखरखाव छेहर्टा रेलवे स्टेशन पर किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *